कलेक्टर ने फसलों की गिरदावरी कार्य का लिया जायजा। खेतों तक पहुंचकर धान के रकबे का किया मिलान, 20 सितम्बर तक चलेगा गिरदावरी अभियान

मनहरण बंजारे – बलौदाबाजार// कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने आज पलारी एवं बलौदाबाजार तहसील के कुछ गांवों का आकस्मिक भ्रमण कर गिरदावरी कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गिरदावरी का प्रमुख उद्देश्य खेतों में लगे खरीफ फसलों और उनके वास्तविक रकबे का भौतिक सत्यापन किया जाना है। कलेक्टर ने अधिकारियों की टीम लेकर आज बलौदाबाजार तहसील के ग्राम संकरी, चांपा और मोहतरा तथा पलारी तहसील के ग्राम छेरकापुर का दौरा किया। उन्होंने मौके पर मौजूद कुछ किसानों से चर्चा की और उनके खेतों तक जाकर बोये गये फसल का रकबा और खेत के वास्तविक रकबे का मिलान किया।
कलेक्टर श्री जैन ने इन गांवों में पटवारी एवं मैदानी कर्मचारियों द्वारा किये जा रहे गिरदावरी का खेतों में पहुंचकर सूक्ष्म अवलोकन किया। उनके द्वारा संधारित अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। श्री जैन ने कहा कि प्रत्येक खसरा नम्बर के खेत का गिरदावरी किया जाये एवं उसके रिकार्ड सुव्यवस्थित रखा जाये। कलेक्टर ने इन स्थलों पर रिकार्ड के रख-रखाव में कुछ विसंगतियां पाये जाने पर राजस्व अधिकारियों के प्रति नाराजगी भी जाहिर की। राजस्व अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि बड़ी बारीकी और गंभीरता के साथ गिरदावरी का काम चल रहा है। लगभग प्रत्येक गांव में धान के बोेये गये रकबे में गत वर्ष की अपेक्षा रकबे में कुछ कमी इस साल हो रही है।
कलेक्टर ने कहा कि धान की फसल के वास्तविक रकबे को ही हमें रिकार्ड में लेना है। पड़त भूमि, सरकारी जमीन पर की जाने वाली धानखेती के रकबे सहित अन्य कोई संरचना यदि खेतों में निर्मित है, तो उतने रकबे को घटाकर केवल बोये गये फसल के रकबे को ही लिया जाना है। उन्होंने प्रत्येक खसरा नम्बर के खेत की फोटोग्राफी करने के सख्त निर्देश भी दिये हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में गिरदावरी का काम 1 अगस्त से शुरू हुआ है जो कि 20 सितम्बर तक चलेगा। कलेक्टर ने गांव के किसानों और पंचायत प्रतिनिधियों को गिरदावरी कार्य में मैदानी अमलों को सहयोग प्रदान करने की अपील की है। संयुक्त कलेक्टर एवं भू-अभिलेख शाखा के प्रभारी श्री अरविन्द पाण्डेय, एसडीएम सुश्री लवीना पाण्डेय, तहसीलदार श्री गौतम सिंह, नायब तहसीलदार मयंक अग्रवाल एवं कुणाल पाण्डेय भी कलेक्टर के साथ दौरे में उपस्थित थे।